Cough Syrup Advisory : २ साल तक के बच्चों को सर्दी-खाँसी की दवा न दें – केंद्र सरकार

  • खांसी की दवा से हो रही बच्चों की मौत की घटना –

  • पिछले २४ घंटों में ११ बच्चों की मृत्यु

नई दिल्ली – मध्यप्रदेश तथा राजस्थान राज्यों में खांसी की दवा लेने के बाद एक ही दिन में ११ बच्चों की मृत्यु होने की बात सामने आई है । इसके बाद केंद्र सरकार ने सभी राज्य सरकारों को निर्देश दिए हैं कि २ साल से कम उम्र के बच्चों को खांसी तथा सर्दी की दवाएं न दी जाएं । केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय ने यह निर्देश जारी किया ।

महानिदेशालय ने आगे कहा कि ५ साल से कम उम्र के बच्चों के लिए खांसी की दवाओं की सलाह नहीं की जाती । यदि दी भी जाए तो डाक्टर की देखरेख में, सही मात्रा में और बहुत ही कम अवधि के लिए दी जानी चाहिए ।

‘कफ सिरप’ में डायथिलीन ग्लाइकाल या इथिलीन ग्लाइकाल पाया जाए तो ये दोनों रसायन गुर्दों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं, ऐसा विशेषज्ञों का मत है। जब कि मध्यप्रदेश में जिन बच्चों की मृत्यु हुई, उन्हें दी गई सिरप में ये रसायन नहीं मिले ।

महाराष्ट्र में २६ हजार ९३५ लीटर कफ सिरप नष्ट !

महाराष्ट्र में पुलिस ने २६ हजार ९३५ लीटर कोडीन रसायन वाला कफ सिरप नष्ट किया है, ऐसी जानकारी सूत्रों से मिली है । साथ ही, तमिलनाडु सरकार ने कोल्ड्रिफ कफ सिरप की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया है। इस सिरप की बोतलें बाजार से हटाने का आदेश दिया गया है ।